राम राज्याभिषेक के साथ मुरलीपुरा में श्रीराम कथा का विश्राम, आज होगा हवन

जयपुर। मुरलीपुरा के विकास नगर स्थित शिव हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीराम कथा का शुक्रवार को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के भावपूर्ण प्रसंग के साथ विश्राम हुआ। इससे पूर्व श्रद्धालुओं ने संगीतमय सुंदरकांड एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में भाग लेकर भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया।
कथा व्यास मनोज कृष्ण महाराज ने श्रीराम के राज्याभिषेक का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, सेवा, करुणा और आदर्श शासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रामराज्य न्याय, समरसता, धर्म और जनकल्याण की सर्वोत्तम व्यवस्था का आदर्श है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता, माता-पिता एवं गुरु के प्रति सम्मान तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना ही श्रीराम के जीवन का मूल संदेश है।
कथा विश्राम के अवसर पर कथा पंडाल को फूलों और गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया। राम दरबार की सजीव झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें केशव, वेदा और रिद्धि ने विभिन्न स्वरूपों का मनोहारी प्रदर्शन किया।
समापन पर बाबूलाल अग्रवाल, ललित भट्ट, गोविंद शर्मा, लक्ष्मीनारायण शर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी तथा सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। सत्य नारायण अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को हवन होगा।




