मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अनिल गलगली ने जमा किया गणना प्रपत्र

मुंबई । मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पत्रकार एवं सूचना का अधिकार कार्यकर्ता अनिल गलगली ने चांदिवली विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 168, सूची भाग क्रमांक 337 की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहभागिता की। इस अवसर पर अनिल गलगली ने काजूपाड़ा स्थित लोकसेवा मंडल कार्यालय में सूची भाग क्रमांक 337 के बूथ स्तर अधिकारी यशवंत पारधी से मुलाकात की। उन्होंने विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के अंतर्गत आवश्यक गणना प्रपत्र भरकर बूथ स्तर अधिकारी यशवंत पारधी के पास जमा किया।अनिल गलगली ने कहा कि मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक को पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। नागरिक अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक सुधार के लिए संबंधित बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क करें।उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए और अपात्र नामों की भी उचित जांच होनी चाहिए। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है।




