प्रीति जैन ‘परवीन’ के उपन्यास ‘सुनो स्वप्नरंजिता’ का लोकार्पण।

सुनितात्रिपाठी’अजय। इंडिया जागरण टूडे न्यूज संवाद
जयपुर। मालवीय नगर स्थित सन्मति भवन में स्वयं सिद्धा साहित्यिक संस्थान के तत्वावधान में लेखिका प्रीति जैन ‘परवीन’ के उपन्यास ‘सुनो स्वप्नरंजिता’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। अतिथियों का शॉल एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया।
उपन्यास की समीक्षा डॉ. शीताभ शर्मा ने प्रस्तुत की, जबकि प्रेमलता सोनी ने कृति का परिचय दिया। डॉ. रेखा गुप्ता एवं रश्मि पारीक ने उपन्यास के अंशों का वाचन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र मोहन अग्रवाल तथा अध्यक्ष प्रबोध कुमार गोविल सहित अन्य अतिथियों ने उपन्यास का लोकार्पण किया।
समारोह में लेखिका प्रीति जैन ‘परवीन’ का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सलौनी क्षितिज ने तथा आभार इन्द्र कुमार भंसाली ने व्यक्त किया।
इसी अवसर पर कारगिल विजय दिवस पर आयोजित साहित्यिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वीडियो प्रतियोगिता में स्नेहलता सहाय एवं प्रियंका पुरोहित प्रथम, कुमकुम माथुर द्वितीय तथा वंदना सक्सैना तृतीय रहीं। कविता प्रतियोगिता में सलौनी क्षितिज प्रथम, अतिशा माथुर द्वितीय तथा संगीता शर्मा एवं प्रीति चौरासिया संयुक्त रूप से तृतीय रहीं।




