लक्ष्य दीप पब्लिक स्कूल में गांधी एवं शास्त्री जयंती हर्षोल्लास से मनाई

जयपुर। निवारू रोड, झोटवाड़ा स्थित लक्ष्य दीप पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता सेनानी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संस्था सचिव अधिवक्ता दीपक शर्मा ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और दृढ़ संकल्प का संदेश देता है। उन्होंने गांधी जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि हमारे जीवन में सच्चाई है तो उसका प्रभाव हमारे आसपास के लोगों पर भी पड़ता है। अन्याय के खिलाफ डरने के बजाय उसका दृढ़ता से सामना करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य के मार्ग पर चलने, अनुशासन बनाए रखने तथा देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक विनोद शर्मा सहित अध्यापक-अध्यापिकाएँ पिंकी शर्मा, कुसुम लता दीक्षित, अनिता,निवेदिता, ईशता एवं कुसुम गुप्ता अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महान राष्ट्रनायकों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।




