Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

श्रीगंगानगर में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच का ‘विशाल भारत’ आर्थिक, सामरिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

स्वतंत्र पत्रकार, घनश्याम शर्मा, श्रीगंगानगर

श्रीगंगानगर (राजस्थान)। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ चैप्टर की ओर से बुधवार, 19 अगस्त 2026 को अरोड़वंश पब्लिक स्कूल, श्रीगंगानगर में ‘विशाल भारत’—आर्थिक, सामरिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरोड़वंश पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री सचिन कुक्कड़ ने की। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय सचिव एवं सेवानिवृत्त आईजी श्री गिरीश चावला उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मंच के जिलाध्यक्ष श्री रविंद्र मोदी ने अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में मंच की भूमिका और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से मंच से जुड़ने का आह्वान किया।मुख्य वक्ता श्री गिरीश चावला ने सीमांत क्षेत्र के नागरिकों एवं युवा वर्ग से राष्ट्र की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य तथा सीमावर्ती गांवों के नागरिकों के साहस को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने पिछले एक दशक में भारत की सामरिक एवं आर्थिक प्रगति, सड़क एवं रेल नेटवर्क के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास, तकनीकी उन्नति तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा स्वदेशी रक्षा तकनीक एवं हथियार प्रणालियों के विकास, ब्रह्मोस जैसी आधुनिक रक्षा क्षमताओं तथा भारतीय सुरक्षा बलों की वीरता का उल्लेख करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

श्री चावला ने कहा कि मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जागरूकता एवं जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ‘अखंड भारत’ एवं ‘विशाल भारत’ की अवधारणा के संदर्भ में राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण एवं सकारात्मक संवाद देखने को मिला। उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हंसराज तनेजा, अरोड़वंश पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री सचिन कुक्कड़, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री ओम रावल, अरोड़वंश गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मीनल कोचर तथा राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर श्री गोपी राम शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्र की सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होकर सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र आहूजा, उप पुलिस अधीक्षक श्री विष्णु खत्री, कृषि उपज मंडी सचिव श्री लाजपत खुराना, कपड़ा एसोसिएशन से श्री परवीन बलांना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के जिलाध्यक्ष श्री रविंद्र मोदी, हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर चैप्टर के पदाधिकारी श्री राजेंद्र मुंजाल, श्री प्रमोद हिन्दू, सचिव अधिवक्ता श्री विपुल अरोड़ा, श्री भारत भूषण ठक्कर, श्री कृष्ण सेतिया, श्री सतपाल मुटनेजा, श्री दिनेश शर्मा, श्री कोशल वधवा, श्री गिरधारी मक्कर, अधिवक्ता श्री ओम रावल एवं श्री जसवंत जग्गा सहित दोनों जिलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. अशोक अरोड़ा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!