भजन संध्या में देर रात तक गूंजे गणपति के जयकारे, गणेशोत्सव पर बाल गणेश मंडल ने कराया भव्य आयोजन

भजनों पर महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने जमकर किया नृत्य
महावीर सुमन प्रभारी
देईखेड़ा के शिव मंदिर मोहल्ले में गणेशोत्सव के अवसर पर शनिवार रात बाल गणेश मंडल के तत्वावधान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंडल द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं महाआरती के साथ हुई। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके बाद भजन गायक परवन खटाना ने गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने एक से बढ़कर एक धार्मिक एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। भजनों की मधुर धुन पर महिला-पुरुष, युवा और बच्चे भावविभोर होकर झूमते नजर आए। शिव मंदिर मोहल्ले में देर रात तक भक्ति संगीत की गूंज सुनाई देती रही।
श्रद्धालुओं ने लगाए गणपति के जयकारे
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। आयोजन को लेकर मोहल्लेवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन संध्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान देईखेड़ा थानाधिकारी रामभरोसी मीणा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की दृष्टि से मौजूद रहे। आयोजन मंडल की ओर से देईखेड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश व्यास, पूर्व वार्ड पंच किशोरी लाल मीणा, गोपाल राठौर, सामाजिक कार्यकर्ता बद्रीलाल मीणा, राजकुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत-सत्कार किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में बाल गणेश मंडल के कौशल गौतम, धीरज प्रजापति, गोविंद मीणा, रोहित मीणा, रमेश, बलराम मीणा, दीपू मराठा, मोहित मीणा, रोहित राठौर, विशाल गौतम सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।
मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि गणेशोत्सव के तहत स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा का अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ विसर्जन किया जाएगा।




