138 बार रक्तदान करने वाले नरेंद्र सिंह राठौड़ को मिला रक्त शिरोमणि सम्मान

सीकर में आयोजित राज्य स्तरीय रक्त मित्र सम्मेलन में प्रदेश के 100 से अधिक रक्तवीरों का हुआ सम्मान
जोधपुर।18 नवंबर मानव सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जोधपुर के वंदे भारत सेवा संस्थान के सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़ को रक्त शिरोमणि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सीकर में सुखा देवी स्मृति संस्थान, शिवसिंहपुरा की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय रक्त मित्र सम्मेलन में प्रदेशभर के 100 से अधिक रक्तवीरों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में उन रक्तदाताओं को सम्मान प्रदान किया गया, जिन्होंने अपने जीवन में 100 से अधिक बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल कायम की है। इसी क्रम में नरेंद्र सिंह राठौड़ को उनके 138 बार रक्तदान करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए रक्त शिरोमणि पुरस्कार प्रदान किया गया। राठौड़ को इससे पूर्व 15 अगस्त को जिला प्रशासन की ओर से वीर दुर्गादास पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनके इस सम्मान पर वंदे भारत सेवा संस्थान के संरक्षक विनोद आचार्य, अध्यक्ष विजय अरोड़ा, संरक्षक उमेश लीला एवं सुरेश दोसी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं लायंस क्लब जोधपुर की कार्यकारिणी ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सम्मान प्राप्त करने के बाद नरेंद्र सिंह राठौड़ ने रक्तदान के प्रति अपना संकल्प दोहराते हुए आमजन से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम 30 बार रक्तदान करने तथा वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है और यह मानव कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।



