योगाचार्य ढाकाराम सापकोटा ने किया RCWS मैंगो फेस्टिवल 2026 के पोस्टर का विमोचन

जयपुर, 19 जून 2026। रॉयल क्राफ्ट एंड वेलनेस सोसायटी (RCWS) द्वारा आयोजित होने वाले मैंगो फेस्टिवल 2026 के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को योगाचार्य ढाकाराम सापकोटा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाला अभिनव प्रयास बताया। आयोजन की संयोजक संयोगिता राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह फेस्टिवल 21 जून 2026 को शाम 4 बजे से आरआईसी (RIC) जयपुर के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में योगाचार्य ढाकाराम सापकोटा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल में आम की लगभग 20 विशेष एवं लोकप्रिय प्रजातियों जैसे लाल मुनीर, गुलाब खास, हिमसागर, रसोल, बनाना आम सहित अन्य किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आगंतुकों को विभिन्न प्रजातियों की विशेषताओं, स्वाद और पोषण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। संयोगिता राठौर ने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देना है। छोटे उद्योग और घरेलू स्तर पर व्यवसाय करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उनके स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिल सके। फेस्टिवल में स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा आम के पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ और संतुलित आहार में उसकी भूमिका पर विशेष चर्चा की जाएगी। साथ ही विभिन्न विषयों पर संवाद एवं चर्चा सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। RCWS द्वारा आयोजित यह फेस्टिवल आम, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की उम्मीद है। इस अवसर पर सह-आयोजक दीपम शर्मा एवं कविता कुड़ीवाल भी उपस्थित रहीं।




