श्री बिहारी जी मंदिर में श्याम भजनामृत सत्संग का भव्य आयोजन, भक्तिरस में सराबोर हुए श्रद्धालु

जयपुर, 19 जून। श्री बिहारी जी मंदिर, नारियल वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में महंत श्री नरेंद्र महाराज के सान्निध्य में आयोजित रजत शृंगार एवं विशाल पाटोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को श्री श्याम भजनामृत सत्संग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भक्ति एवं श्रद्धा के वातावरण का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान श्री बिहारी जी महाराज एवं श्री श्याम बाबा का मनमोहक और दिव्य शृंगार किया गया, जिसने उपस्थित भक्तों का हृदय मोह लिया। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। साथ ही मौसमी फलों से तैयार की गई विशेष झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। फल-फूलों से सुसज्जित इस अद्भुत झांकी के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।भजन संध्या में आमंत्रित भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। पूरे परिसर में “राधे-श्याम” और “जय श्री बिहारी जी” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन की भव्यता, सुंदर सजावट और भक्तिमय माहौल ने सभी उपस्थित जनों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई। मंदिर समिति एवं सेवादारों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




