Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

धनुरी के रिसालदार मेजर मानद कप्तान लियाकत अली को सेना प्रमुख ने किया सम्मानित

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों के कल्याण और राष्ट्र निर्माण में 23 वर्षों की उत्कृष्ट समाज सेवा पर मिला ‘वेटरन अचीवर्स अवार्ड’

जयपुर। आदर्श सैनिक गाँव धनुरी के निवासी रिसालदार मेजर मानद कप्तान लियाकत अली (सेवानिवृत्त) को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सेना प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) द्वारा ‘वेटरन अचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। समारोह में कुल सात विशिष्ट पूर्व सैनिकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कर्नल ज्ञान प्रकाश मिश्रा, कर्नल रघुवीर सिंह भास्कर, लेफ्टिनेंट कर्नल शिखा गर्ग, रिसालदार मेजर मानद कप्तान लियाकत अली, सूबेदार मानद कप्तान ओम प्रकाश, सूबेदार मेजर सुमेर सिंह तथा हवलदार जीवा राज सिंह शामिल रहे। मानद कप्तान लियाकत अली पिछले 23 वर्षों से अपनी संस्था और टीम के साथ गाँव-गाँव जाकर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान, वंचित बच्चों की शिक्षा, समाज कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, ठोस कचरा प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, खेल एवं युवा विकास तथा सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं के मार्गदर्शन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। लियाकत अली ने 73 आर्मर्ड रेजिमेंट सहित सेना की विभिन्न इकाइयों में 32 वर्ष 7 माह से अधिक सेवा दी और वर्ष 2003 में सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने समाज सेवा को अपना जीवन उद्देश्य बनाया और लगातार राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर मानद कप्तान लियाकत अली ने पूर्व सैनिकों से आह्वान करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद घर बैठने के बजाय प्रत्येक सैनिक को राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा तथा अपने सैनिक साथियों और वीर नारियों के कल्याण के लिए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज सेवा जीवनभर चलने वाली साधना है और एक मजबूत तथा एकजुट भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!