विप्र सेना जयपुर शहर ने गौ सेवा और वृक्षारोपण के साथ मनाया छठा स्थापना दिवस

जयपुर। विप्र सेना की जयपुर शहर इकाई ने संगठन का छठा स्थापना दिवस सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गौ सेवा एवं वृक्षारोपण के साथ मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने झोटवाड़ा स्थित श्री लाल दास जी की बगीची, शिव हनुमान मंदिर एवं श्रीराम गौशाला पहुंचकर गायों को चारा, गुड़ और पानी अर्पित किया तथा उनकी सेवा की। जयपुर शहर अध्यक्ष अजीत कुमार शर्मा ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गाय को कामधेनु का स्वरूप माना गया है। गाय समृद्धि, पालन-पोषण और लोककल्याण का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गौ सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना संगठन की परंपरा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में विप्र सेना जयपुर शहर द्वारा शीघ्र ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिससे आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान श्री लाल दास जी की बगीची में महंत श्री श्री 1008 विष्णु दास जी महाराज (नागा साधु) के सान्निध्य में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर विद्याधर नगर विधानसभा अध्यक्ष रविकांत सहित जयपुर शहर टीम के मानिक शर्मा, अनिल शर्मा, अजय अत्रे, राजकुमार शर्मा, मणिकांत शर्मा और मोहित शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज सेवा, गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।




