एनसीसी कैडेटों ने निकाली टीबी जागरूकता रैली, विद्यार्थियों को किया जागरूक

जयपुर, 11 अगस्त। 8 राज बटालियन एनसीसी जयपुर के तत्वावधान में श्री गोविंद पीजी कॉलेज, जयपुर के एनसीसी कैडेटों द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को टीबी की रोकथाम एवं समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
रैली के बाद कैडेटों ने समीप स्थित राजकीय विद्यालय में कक्षा 5वीं एवं 6वीं के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को टीबी के प्रमुख लक्षणों जैसे दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना, कमजोरी तथा सांस लेने में परेशानी के बारे में जानकारी दी गई।
कैडेटों ने बच्चों को बताया कि टीबी का संदेह होने पर घबराने के बजाय समय पर स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है और निर्धारित उपचार को पूरा करना बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने विद्यार्थियों को टीबी के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।



