Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

शिव भक्त युवा सेवा संघ की भव्य कांवड़ यात्रा में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब

 

मुंबई। शिव भक्त युवा सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजक अमित पांडे एवं उनके सहयोगियों द्वारा भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। यात्रा श्री राम भक्त हनुमान सेवा संघ से प्रारंभ होकर अमृतेश्वर महादेव मंदिर (स्वयंभू), भायंदर तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान शिव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा पूरी की। आयोजन में सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। नगरसेवक शिवकुमार झा, समाजसेवक साई नायडू, दीपक झा, आशुतोष पांडे एवं दिलीप गोंड की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
आयोजक अमित पांडे ने बताया कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से पोईसर क्षेत्र के युवाओं को नशे, गलत संगत एवं नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखते हुए भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि युवा समाज की शक्ति हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर शिव भक्त युवा सेवा संघ पिछले दो वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा का आयोजन करता आ रहा है। संघ द्वारा वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को संस्कार, सेवा और सकारात्मक सोच से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। प्रत्येक शनिवार एवं मंगलवार को सुंदरकांड पाठ सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिसके माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिक एवं सामाजिक रूप से जागरूक करने का प्रयास जारी है।
आयोजकों के अनुसार, धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज में युवा जागरूकता, आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और संस्कारों को मजबूत करना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है। कांवड़ यात्रा जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की सफलता में नगरसेविका रानी द्विवेदी (निघोट) एवं पूर्व नगरसेवक ठाकुर सागर सिंह का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। शिव भक्त युवा सेवा संघ ने उनके सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

आयोजन के समापन अवसर पर संघ की ओर से भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक, सामाजिक एवं युवा-केंद्रित कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था के साथ-साथ एकता, संस्कार, सेवा भावना और युवा जागरूकता का संदेश मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!