पॉजिटिव जर्नलिज्म से बढ़ता है समाज का हौसला : राठौड़ – बालाजी टाइम्स के 20वें स्थापना दिवस पर पत्रकारों व समाजसेवियों का सम्मान

– नानालाल आचार्य
– इंडिया जागरण टुडे
भवानीमंडी। बालाजी टाइम्स समाचार पत्र का 20वां स्थापना दिवस समारोह पद्मावत रिसोर्ट में झालावाड़ जिला कलेक्टर डॉ. अजय सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। समारोह में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली छात्राओं ने राम चरित की चौपाइयों से किया।

मुख्य अतिथि डॉ. राठौड़ ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलावों को सामने लाने के लिए पॉजिटिव जर्नलिज्म की महती आवश्यकता है। अच्छे कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करने से समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है और अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं। सोशल मीडिया के दौर में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम है। पत्रकारों का दायित्व है कि वे मूल्यपरक और जनहितैषी पत्रकारिता के माध्यम से जनता का विश्वास बनाए रखें।

बालाजी टाइम्स के संपादक भवँर सिंह कछवाहा ने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज में बदलाव का प्रभावी माध्यम है। ब्रह्माकुमारीज माउंट आबू के पीस ऑफ माइंड निदेशक आशीष गुप्ता ने भी सकारात्मक पत्रकारिता के महत्व पर विचार रखे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज की ओर से कछवाहा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम को वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.के. अरोड़ा, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा, जार प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी एवं समाजसेवी नितेश नागोता ने भी संबोधित किया। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार कुश कुमार मिश्रा, दिलीप जैन, आलोक विजावत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। बालाजी टाइम्स की ओर से विभिन्न श्रेणियों में 200 से अधिक लोगों का सम्मान किया गया। संचालन कुमोद शर्मा ने किया।




