डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’ को मिला ‘देवी अहिल्याबाई नव उदय साहित्य सम्मान-2026
साहित्य, स्त्री सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हुआ सम्मान
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’ को नव उदय मासिक पत्रिका, ग्वालियर द्वारा ‘देवी अहिल्याबाई नव उदय साहित्य सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें साहित्य सृजन, स्त्री सशक्तिकरण तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में उन्हें स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
डॉ. पल्लवी सिंह ‘अनुमेहा’ वरिष्ठ साहित्यकार स्वर्गीय नरेंद्र पाल सिंह की सुपुत्री हैं तथा वर्तमान में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले स्थित एनआरआई कन्या महाविद्यालय, मांडवी में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी डॉ. अनुमेहा अपनी सहज, सरल और प्रभावशाली लेखनी के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देती हैं। समकालीन हिन्दी साहित्य की संवेदनशील लेखिका एवं कवयित्री के रूप में उनकी विशिष्ट पहचान है। उनकी रचनाओं में मानवीय रिश्तों की ऊष्मा, स्मृतियों की भावपूर्ण आभा, स्त्री संवेदना, सामाजिक सरोकार और आशा का सशक्त स्वर प्रमुखता से उभरकर सामने आता है।

डॉ. अनुमेहा की कविताएँ, कहानियाँ एवं आलेख देश-विदेश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहते हैं। वे सात बार विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर चुकी हैं तथा गद्य और पद्य दोनों विधाओं में समान दक्षता के साथ सृजन करती हैं। उनकी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय उनके प्रकाशित काव्य संग्रहों एवं अन्य पुस्तकों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
उनकी इस उपलब्धि पर साहित्य जगत, शिक्षा जगत तथा शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं और इसे बैतूल जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।




