चार करोड़ की लागत से संवरेगा विद्याधर नगर का सर्व समाज मोक्ष धाम, जनसहयोग से पूरा होगा निर्माण
श्री आस्था परिवार की पहल, 25 प्रतिशत काम पूरा; परिसर को बगीची के रूप में विकसित करने की योजना

जयपुर। विद्याधर नगर सेक्टर-10 स्थित सर्व समाज मोक्ष धाम के नवीनीकरण और जीर्णोद्धार की बड़ी पहल श्री आस्था परिवार, जयपुर की ओर से की जा रही है। फरवरी 2026 से जारी निर्माण कार्य के तहत अब तक करीब 25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 4 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है और निर्माण राशि श्री आस्था परिवार के सदस्यों के साथ जनसहयोग से जुटाई जाएगी।
मोक्ष धाम निर्माण समिति के अध्यक्ष अनिल सिंघल ने बताया कि परिसर को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें आवश्यक सुविधाओं के साथ स्वच्छता, हरियाली और शांत वातावरण प्रमुख आकर्षण हों। छह वेदियों का निर्माण कार्य चल रहा है और आगामी 15 दिनों में इन पर अंतिम संस्कार की सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
परिसर में पिंडदान के लिए करीब 3000 वर्गफुट का अलग हॉल बनाया जा रहा है। शिव परिवार का मंदिर भी प्रस्तावित है। स्नानागार एवं शौचालय की पूरी यूनिट तैयार की जा रही है, जिसमें एक साथ 15 से 20 लोग स्नान कर सकेंगे। इसके अलावा बैठने की व्यवस्था, पूजा स्थल, मंडप, पाथवे, लॉन, प्रवेश द्वार और प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
मोक्ष धाम को केवल अंतिम संस्कार स्थल के बजाय एक सुव्यवस्थित और शांत परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है। पेड़-पौधे, फूलों की क्यारियां, हरे-भरे लॉन और प्राकृतिक रोशनी के कारण परिसर को बगीची जैसा स्वरूप मिलेगा। समिति का मानना है कि दुख की घड़ी में आने वाले परिजनों के लिए स्वच्छ और शांत वातावरण भी एक महत्वपूर्ण सेवा है।
निर्माण समिति में ललित झंवर सचिव और सुनील सिंघल कोषाध्यक्ष हैं। इनके साथ प्रमोद मित्तल, ललित गोयल, विनय गुप्ता, आशीष गुप्ता, हरीकिशन बंसल, मनीष गुप्ता और मनीष खेतान निर्माण एवं व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। वास्तु एवं डिजाइन योजना आर्किटेक्ट सुशांत माथुर, स्टूडियो-1503 ने तैयार की है।
अध्यक्ष अनिल सिंघल ने विद्याधर नगर के आम नागरिकों से अपील की कि इस सामाजिक कार्य को अपना कार्य मानते हुए बढ़-चढ़कर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से तैयार होने वाला यह परिसर आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी और प्रेरणादायी बनेगा।




