छुट्टी मनाने की जगह युवाओं ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए किया श्रमदान

करणी माता क्षेत्र में सफाई के बाद स्थायी स्वच्छता व्यवस्था पर मंथन, युवाओं ने निगम-स्मार्ट सिटी को दिए सुझाव
नानालाल आचार्य
इंडिया जागरण टुडे
उदयपुर। रविवार की सुबह जहां आमतौर पर युवा छुट्टी और घूमने-फिरने में समय बिताते हैं, वहीं शहर के युवाओं के एक समूह ने श्री करणी माता जी मंदिर, दूध तलाई क्षेत्र में पहुंचकर स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। हेल्पिंग यूथ संस्थान के ‘मिशन क्लीन उदयपुर’ के तहत युवाओं ने मंदिर तक जाने वाले मार्ग एवं आसपास से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, रैपर सहित अन्य कचरा एकत्रित किया। साथ ही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया।

अध्यक्ष दिव्येश बन्दवाल ने बताया कि अभियान के पीछे सोच केवल एक दिन सफाई करने की नहीं, बल्कि युवाओं को शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करने की है। उन्होंने कहा कि “किसी व्यवस्था या व्यक्ति को दोष देने से बेहतर है कि जहां तक संभव हो, हम स्वयं बदलाव का हिस्सा बनें। सफाई के साथ लोगों की आदत और सोच में बदलाव आए, तभी इसका स्थायी परिणाम दिखाई देगा। अभियान के संयोजक तनिष्क चौधरी ने टीम के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संचालन में भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ते हुए आने वाले समय में अभियान को शहर के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में पहुंचे नगर निगम-स्मार्ट सिटी से अजीत शुक्ला ने युवाओं की पहल की सराहना की। इस दौरान करणी माता क्षेत्र में दोबारा कचरा फैलने से रोकने के स्थायी उपायों पर भी चर्चा हुई। युवाओं ने सीसीटीवी, फेंसिंग, पर्याप्त डस्टबिन एवं जागरूकता संदेश जैसे सुझाव रखे। शुक्ला ने सुझावों को नोट कर संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही। संस्थान के विनीत चौहान ने कहा कि स्वच्छता को एक दिन के आयोजन के बजाय दैनिक जिम्मेदारी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने अभियान की तैयारियों और आयोजन में टीम के साथ सक्रिय भूमिका निभाते हुए युवाओं से सप्ताह में कुछ समय सामाजिक कार्यों के लिए निकालने का आह्वान किया। वहीं श्री मंशापूर्ण करणी माता समिति से गगन कुमावत के साथ मंदिर परिसर की स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं को जागरूक करने के उपायों पर चर्चा की गई। महादेव सेवा मिशन से राजेंद्र सिंह ने भी युवाओं की पहल की सराहना करते हुए भविष्य के सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया। संस्थान के धवल जैन ने बताया कि ‘मिशन क्लीन उदयपुर’ को आगे भी जारी रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने शहर के युवाओं से भी ऐसे सामाजिक अभियानों से जुड़ने की अपील की। अभियान में विनीत चौहान, तनिष्क चौधरी, धवल जैन, आयुष आमेटा, अनिल मोची, युग चौधरी, मोहित चौधरी, पप्पी कुरडिया, लव जैन, गर्वश जंगम, संदीप सिंह सिसोदिया, मोहित सालवी, जितेन्द्र सालवी, चिराग सालवी, सुदर्शन, अनीश जैन, हनी चौधरी एवं गौरंग जैन सहित अन्य युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया।




