Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

गणेश भक्तों को राहत की खबर, मेट्रो की फेरे बढ़ेंगे और मेगा ब्लॉक को लगेगा ब्रेक

 

मुंबई। गणेशोत्सव के दौरान मुंबई और उपनगरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मुंबई मेट्रो के फेरों में बढ़ोतरी करने और रेलवे पर मेगा ब्लॉक नहीं लेने की मांग नागरिकों द्वारा की जा रही है। श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद, सुरक्षित और बाधारहित हो, इसके लिए देर रात तक तथा आवश्यकता पड़ने पर मध्यरात्रि तक मेट्रो सेवा संचालित रखने के निर्देश मेट्रो प्रशासन को दिए गए हैं। इसके साथ ही गणेशोत्सव की अवधि में मध्य रेलवे के मुख्य, हार्बर और ट्रांस-हार्बर मार्गों पर नियमित मेगा ब्लॉक तथा रात्रिकालीन ब्लॉक नहीं लेने के निर्देश कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दिए हैं। गणेशोत्सव के दौरान मुंबई सहित उपनगरों के विभिन्न गणेश मंडलों में दर्शन के लिए नागरिक बड़ी संख्या में मेट्रो और लोकल ट्रेन का उपयोग करते हैं। इसे देखते हुए व्यस्त समय में मेट्रो की दो फेरों के बीच का अंतर यानी ‘हेडवे’ कम कर अधिक फेरे चलाने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रात के समय मेट्रो की अंतिम फेरी को देर तक संचालित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए विशेष फेरे उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। गणेशोत्सव के दौरान मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाओं पर यात्रियों का भारी दबाव पड़ने की संभावना है। दिन-रात रेलवे स्टेशनों पर बड़ी संख्या में भीड़ रहने के कारण गणेशोत्सव के प्रारंभ से अनंत चतुर्दशी तक मध्य रेलवे के मुख्य, हार्बर और ट्रांस-हार्बर मार्गों पर नियमित मेगा ब्लॉक अथवा रात्रिकालीन ब्लॉक नहीं लिया जाए, ऐसे निर्देश मंत्री लोढ़ा ने दिए हैं।
भीड़ के समय और रात में गणेश दर्शन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त उपनगरीय विशेष लोकल फेरे चलाए जाएं। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा महाराष्ट्र सुरक्षा रक्षक तैनात कर यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ऐसी सूचनाएं भी दी गई हैं। श्रद्धालुओं को टिकट निकालते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मेट्रो के सभी टिकट काउंटर, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), डिजिटल तथा क्यूआर टिकट प्रणाली को मेट्रो की अंतिम फेरी तक पूरी क्षमता से कार्यरत रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेट्रो स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, पीने का पानी, शौचालय और प्राथमिक उपचार केंद्र भी सेवा उपलब्ध रहने तक चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख और भीड़भाड़ वाले मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा रक्षकों के साथ क्राउड मैनेजमेंट कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। मेट्रो के फेरों में होने वाले बदलाव, समय-सारणी और यात्रियों के लिए आवश्यक जानकारी स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली तथा आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए समय-समय पर प्रसारित की जाए, ऐसे निर्देश भी दिए गए हैं। महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि
गणेशोत्सव मुंबईकरों की आस्था और उत्साह का एक बड़ा पर्व है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु गणेश दर्शन के लिए रेलवे, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं। इसलिए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित, सुचारू तथा समय पर हो, इसके लिए परिवहन व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना आवश्यक है। भीड़ के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए मेट्रो और रेलवे प्रशासन द्वारा अतिरिक्त सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!