रोहतक से पानीपत पहुंची नशा मुक्ति यात्रा, शहर में करीब 40 स्थानों पर हुआ स्वागत;
वार्ड-10 पार्षद मनीष बेनीवाल ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन ।

पानीपत । लोकेश झा। नशे के खिलाफ जनजागरूकता और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से रोहतक से पानीपत पहुंची नशा मुक्ति यात्रा का शहर में हजारों युवाओं की मौजूदगी में भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी यशवंत भारती जी महाराज (विरंजनी अखाड़ा), परदाऊजी महाराज (अयव धाम) और स्वामी शंकरानंद जी महाराज की अध्यक्षता में निकाली जा रही इस यात्रा का पानीपत में संजय चौक, रेलवे रोड सहित करीब 40 स्थानों पर स्वागत किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नेताओं, पार्षदों और सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धा एवं उत्साह के साथ यात्रा का अभिनंदन किया गया।
समालखा नगर परिषद के वार्ड नंबर-10 के पार्षद मनीष बेनीवाल ने नशा मुक्ति यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। उन्होंने यात्रा में शामिल संत-महात्माओं और युवाओं का अभिनंदन करते हुए नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान को समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
पार्षद मनीष बेनीवाल ने कहा कि नशा आज समाज और युवा पीढ़ी के सामने बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेल, शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं के मार्गदर्शन में निकाली जा रही नशा मुक्ति यात्रा युवाओं में नई जागरूकता पैदा करने का काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। यात्रा के स्वागत के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे संदेशों के साथ युवाओं और सामाजिक संगठनों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर यात्रा के स्वागत को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर उनके साथ अशोक आर्य सहित अन्य लोग मौजूद थे




