श्री श्याम चरण रज परिवार सेवा समिति द्वारा “वन विहार महोत्सव एवं वार्षिकोत्सव” का भव्य आयोजन 14 व 15 अगस्त को, गणेश जी म्हाराज को दिया प्रथम निमंत्रण
जयपुर। श्री श्याम चरण रज परिवार सेवा समिति (रजि.), सीकर रोड, जयपुर के तत्वावधान में दो दिवसीय “वन विहार महोत्सव एवं वार्षिकोत्सव” का भव्य आयोजन 14 और 15 अगस्त 2026 को सीकर रोड स्थित रामेश्वरम् मैरिज गार्डन (रोड नं. 12) में हर्षोल्लास व श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया जा रहा है। संस्था के संस्थापक कपिल अग्रवाल ने बताया कि इस दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं भजनों का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देश के ख्यातिप्राप्त भजन गायक बाबा श्याम के दरबार में अपनी हाजिरी लगाएंगे:
सुप्रसिद्ध भजन गायकों की होगी प्रस्तुति

कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण के रूप में सुप्रसिद्ध भजन सम्राट संजय मित्तल (कोलकाता) एवं अंजलि द्विवेदी (बरेली) अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। इसके अतिरिक्त श्री भगवान दीक्षित, त्रिशित राज कश्यप एवं नितिन मोदी की भी विशेष प्रस्तुतियां होंगी।
महोत्सव में अन्य उभरते एवं स्थानीय कलाकार—अंश दीक्षित, मनोज शर्मा, अंशुल सिंह, संजू शर्मा, रवि शर्मा, अभय गुप्ता, आदित्य छिपा तथा अशोक शर्मा भी बाबा श्याम के चरणों में भजनांजलि अर्पित करेंगे। आयोजकों ने सभी श्याम प्रेमियों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं धर्म लाभ उठाने की अपील की है।




