त्रिमूर्ति हाई स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

मुंबई। त्रिमूर्ति हाई स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रभाग क्रमांक 13 की नगरसेविका श्रीमती रानी द्विवेदी निघूट रहीं। इस अवसर पर श्री विद्यार्थी सिंह, नगरसेवक तथा श्री देवेंद्र विद्यार्थी सिंह, अध्यक्ष, बोरीवली पूर्व मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों एवं देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपने संकल्प को व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनिल पाटील ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
विद्यालय की मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. सुशीला तिवारी ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह को सफल बनाने में तनुजा ठाकूर, शिवप्रताप सिंह, राजेश यादव, सूरज विश्वकर्मा, पुष्पा चौधरी, प्रियांका दुबे, डॉ. अनामिका दूबे, सीमा गुप्ता, डॉली मिश्रा, अश्विनी सहित समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम एवं देश की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।
डॉ. अनामिका दूबे




