महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा कर रहा अग्रवाल समाज: डॉ. अर्चना गुप्ता।

पानीपत । लोकेश झा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सामाजिक समरसता, सहयोग और जनकल्याण के सिद्धांत आज भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं। अग्रवाल समाज ने सदैव सामाजिक और धार्मिक कार्यों के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है। रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने ये बातें कहीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे। अग्रवाल चैरिटेबल ट्रस्ट, पानीपत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अर्चना गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन का एक ईंट और एक रुपये का सिद्धांत समाज में सहयोग, समानता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भी जनकल्याण और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पानीपत का अग्रवाल समाज हर धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेता है। कोरोना महामारी के दौरान राशन, ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाइयां उपलब्ध कराने में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने आयोजन समिति और समाज के प्रतिनिधियों को भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि पानीपत की बेटी डॉ. अर्चना गुप्ता को भाजपा के प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराजा अग्रसेन के जीवन, विचारों और सांस्कृतिक विरासत को जानें तथा अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज केवल एक जाति नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की संस्कृति है। गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अग्रोहा धाम की पुरातात्विक खुदाई को आगे बढ़ाने के लिए 40 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे महाराजा अग्रसेन के इतिहास और विरासत से जुड़े नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है। उन्होंने हिसार स्थित हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने और पिछले वर्ष पंचकूला में महाराजा अग्रसेन जयंती का सरकारी आयोजन शुरू करने के लिए भी सरकार का आभार जताया। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, राहुल विज, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट पानीपत के संजय अग्रवाल, जयभगवान कंसल, विजय तायल, नीरज गोयल, अमित राज गुप्ता, राजेश जैन, अमरनाथ गुप्ता, शिवकुमार मित्तल, सुनील कंसल, राहुल सिंगला, सियाराम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।




