लेखक गाँव में अंतरराष्ट्रीय कला एवं साहित्य महोत्सव में शामिल होने पर अलका गर्ग ‘अक्श’ ने जताया गौरव
देहरादून। उत्तराखंड की सुरम्य वादियों में स्थित भारत के प्रथम ‘लेखक गाँव’ में आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय कला एवं साहित्य लेखन महोत्सव में साहित्यकार अलका गर्ग ‘अक्श’ को आमंत्रित किया गया। इस आयोजन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहित्यकारों, लेखकों और कला प्रेमियों ने सहभागिता कर साहित्यिक विचारों का आदान-प्रदान किया।

अलका गर्ग ‘अक्श’ ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लेखक गाँव के परिकल्पनाकार रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में शामिल होना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय रहा। उन्होंने बताया कि चार दिनों तक अतिथि के रूप में मिले आत्मीय आतिथ्य और सम्मान ने उन्हें भावविभोर कर दिया।

उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर देश-विदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों का एकत्र होना किसी ज्ञान महायज्ञ से कम नहीं था। इस साहित्यिक महायज्ञ में उन्होंने अपनी तीन साहित्यिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता निभाई। उन्होंने अपनी एक प्रस्तुति की झलक साझा करते हुए पाठकों को भी इस साहित्यिक अनुभव का साक्षी बनने का आमंत्रण दिया। महोत्सव ने साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में विचारों के आदान-प्रदान तथा साहित्यकारों को एक साझा मंच प्रदान करने का अवसर दिया।




