देहरादून में कराटे चैंपियनशिप में विशाखा सोनी ने जीता कांस्य पदक, राजस्थान का बढ़ाया मान
जयपुर। शांति विद्या निकेतन स्कूल, निवारू रोड, झोटवाड़ा की कक्षा 12वीं की छात्रा विशाखा सोनी, पुत्री बृजमोहन सोनी, ने देहरादून (उत्तराखंड) में 4 से 7 जून 2026 तक आयोजित 5वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 66 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक अर्जित किया है। विशाखा ने प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की, जिससे विद्यालय, झोटवाड़ा क्षेत्र तथा पूरे राजस्थान का गौरव बढ़ा है। उनकी इस सफलता के पीछे कठोर परिश्रम, लगन और निरंतर अभ्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

विशाखा ने यह उपलब्धि सीआरपीएफ के कोच कर्नल दिनेश भाटी के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में प्राप्त की। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने विशाखा सोनी एवं उनके कोच कर्नल दिनेश भाटी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही कहा कि विशाखा की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।




