झोटवाड़ा में सीवर से बह रहा केमिकलयुक्त ‘नीला ज़हर’, लोगों में बीमारी का खतरा
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, हड़ताल का हवाला; पार्क और सड़कों पर फैला दूषित पानी

जयपुर। नगर निगम ग्रेटर के वार्ड-28 व 29 श्रीरामपुरी उद्योग नगर, एवं नारायणपुरी स्थित झोटवाड़ा क्षेत्र में सीवर व्यवस्था चरमराने से केमिकलयुक्त नीला पानी सड़कों और पार्कों में फैल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जगह-जगह सीवर लाइनें ब्लॉक होने के कारण जहरीला पानी खुले में बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूबेदार एजाज खान ने बताया कि श्रीरामपुरी पार्क में सीवर का दूषित व केमिकल युक्त पानी पहुंचने से पेड़-पौधों के साथ-साथ पार्क में आने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय निवासी कैलाश गुप्ता ने बताया कि श्रीरामपुरी प्लॉट नंबर-16 के सामने लंबे समय से सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। नगर निगम में संपर्क करने पर कर्मचारियों की हड़ताल का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण क्षेत्रवासी गंदगी और दूषित वातावरण में रहने को मजबूर हैं।
वहीं क्षेत्र के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रंगाई का कार्य करने वाले कुछ लोग केमिकलयुक्त पानी सीधे सीवर में छोड़ देते हैं। इसके साथ ही गंदे कपड़े और अन्य अपशिष्ट भी सीवर में डाल दिए जाते हैं, जिससे सीवर लाइनें बार-बार जाम हो जाती हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के विरुद्ध नगर निगम सख्त कार्रवाई करे ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सीवर लाइनों की तत्काल सफाई कराने, केमिकलयुक्त अपशिष्ट छोड़ने वालों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।




