रावणा राजपूत समाज के संगठन में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
भीलवाड़ा में आयोजित बैठक में समाज के विकास, स्व-रोजगार और जातिगत जनगणना को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

भीलवाड़ा। श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान राजस्थान की महिला प्रदेश महामंत्री निशा कंवर गौड़ के नेतृत्व में समाज के वरिष्ठजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के संगठनात्मक विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक एकता सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी लादू सिंह राणावत, प्रहलाद सिंह चौहान, रतन सिंह सांखला एवं हिम्मत सिंह राणावत सहित अन्य समाजबंधुओं ने भाग लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज की पहचान एक नाम “रावणा राजपूत” से स्थापित करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि समाज के प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भामाशाहों के सहयोग से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की मातृशक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा आगामी जातिगत जनगणना में जाति कॉलम में “रावणा राजपूत” अंकित कराने के लिए समाज के लोगों को जागरूक करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर एडवोकेट पीरू सिंह गौड़, राजू सिंह, आशीष सिंह, अभिषेक सिंह, महेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।




