खबर का असर: पार्षद लियाकत अली की पहल से खुला जाम सीवर, क्षेत्रवासियों को मिली राहत
न्यूज प्रकाशित होने के बाद निगम ने की कार्रवाई, हड़ताल के चलते कचरा उठान अब भी प्रभावित

जयपुर। झोटवाड़ा क्षेत्र में लंबे समय से सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था, जिसका पानी पार्क में जा रहा था तथा स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद इसका असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने पर वार्ड पार्षद लियाकत अली चुगनी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत नगर निगम की सीवर सफाई मशीन मंगवाई और जाम सीवर को खुलवाया। सीवर खुलने के बाद गंदे पानी की निकासी सुचारु हुई, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और पार्षद की तत्परता की सराहना की। हालांकि, नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते क्षेत्र में घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य अब भी ठप पड़ा हुआ है। इससे घरों में कचरा जमा होने लगा है और बरसात के मौसम में मच्छरों तथा संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। निगम कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक नियमित कार्य करना संभव नहीं है। दूसरी ओर, आमजन ने सरकार और निगम प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल हो सके और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। श्री रामपुरी की भी सीवर लाइन जाम पड़ी है देखते हैं कब खुलती है




