विधायक मनमोहन भड़ाना ने घनसोली में राशन डिपो का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से ली व्यवस्थाओं की जानकारी

समालखा। लोकेश झा।
समालखा विधानसभा क्षेत्र के गांव घनसोली में विधायक मनमोहन भड़ाना ने शुक्रवार को राशन विक्रेता की दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुकान पर वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं मात्रा की जांच की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर राशन वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनसे किसी प्रकार की समस्या या शिकायत के बारे में भी पूछा। ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के आधार पर उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा कि जनता की सेवा करना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण किए जाते रहेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।




