Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

छोटी काशी के युवा विद्वानों का परचम अब मॉरीशस में लहराएगा

 

आचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल 12 अगस्त को मॉरीशस रवाना होगा

श्रावण महोत्सव में शिव कथा, रुद्र महायज्ञ सहित भारतीय अध्यात्म और संस्कृति का होगा प्रसार

जयपुर। छोटी काशी जयपुर के विद्वानों की विद्वत्ता और भारतीय सनातन संस्कृति का संदेश अब अंतरराष्ट्रीय धरती पर भी गूंजेगा। विश्वनाथ जनता मंदिर सोसाइटी (वीजेएमएस), गुडलैंड्स, रिपब्लिक ऑफ मॉरीशस की ओर से आयोजित श्रावण महोत्सव-2026 में शिव कथा-प्रवचन एवं रुद्र महायज्ञ के लिए ज्योतिषाचार्य आचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में जयपुर से पांच सदस्यीय विद्वानों का दल बुधवार, 12 अगस्त को मॉरीशस के लिए रवाना होगा।
गुडलैंड्स स्थित श्रीविश्वनाथ परिसर में होने वाले आयोजन में आचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा व्यास पीठ से शिव कथा का प्रवचन करेंगे तथा उनके नेतृत्व में श्री रुद्र महायज्ञ संपन्न होगा। इस दौरान भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान-विज्ञान, सनातन संस्कार, संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों से जुड़े विषयों पर भी उद्बोधन होंगे। आयोजन में मॉरीशस के प्रधानमंत्री सहित कई कैबिनेट मंत्रियों के सहभागिता करने तथा कथा श्रवण एवं यज्ञ में आहुतियां प्रदान करने की जानकारी दी गई है।
विश्वनाथ जनता मंदिर सोसाइटी की ओर से पिछले 11 वर्षों से श्रावण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारतीय सनातन परंपरा से जुड़े कथा-प्रवचन, यज्ञ, अनुष्ठान और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों एवं स्थानीय लोगों को भारतीय संस्कृति से जोड़ा जाता है। इस वर्ष भी महोत्सव के माध्यम से भारत की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. महेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में जाने वाले दल में पं. कमलेश शास्त्री, पं. दीपक शास्त्री वृंदावन, आचार्य कमलेश अचलपुरा और पं. सौम्य शास्त्री शामिल हैं। दल मॉरीशस में श्रावण महोत्सव के अलावा अन्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में भी सहभागिता करेगा।
आचार्य डॉ. महेंद्र मिश्रा को इससे पूर्व वर्ष 2016 में विश्वनाथ जनता मंदिर सोसाइटी, मॉरीशस द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनए), मॉरीशस सरकार की टास्क फोर्स, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय, राजस्थान संस्कृत अकादमी सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उनके प्रमुख सम्मानों में ज्योतिष मार्तंड पं. जगन्नाथ सम्राट ज्योतिष सम्मान, याज्ञिक सम्राट, विवेकानंद गौरव सम्मान, पं. शिवचरण शास्त्री ज्योतिष सम्मान, मां शारदा अवार्ड, श्रीश्री याज्ञिक महासम्मान और श्रीगुरुदेव सेवा सम्मान शामिल हैं। आचार्य महेंद्र मिश्रा ने बताया कि
यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सनातन संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की एक सार्थक पहल के रूप में देखी जा रही है। छोटी काशी के युवा विद्वानों का यह प्रतिनिधिमंडल मॉरीशस में कथा, यज्ञ और आध्यात्मिक उद्बोधनों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संदेश देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!