Welcome to इंडिया जागरण टुडे   Click to listen highlighted text! Welcome to इंडिया जागरण टुडे
Uncategorized

राखियों से सजीं विधायक गोपाल शर्मा की दोनों कलाइयां

रक्षाबंधन महोत्सव में जेन-जी युवतियों ने गाए पारंपरिक गीत

जयपुर। गुरुवार को श्याम नगर स्थित प्रतिष्ठा बैंक्वेट्स द ग्रैंड अनुकंपा में रक्षाबंधन महोत्सव उत्सवी माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में समाज के हर वर्ग और हर उम्र की महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में जेन-जी युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पारंपरिक पर्व को नई पीढ़ी के उत्साह और उमंग से जोड़ दिया। महिलाओं और युवतियों ने मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। बड़ी संख्या में राखियां बांधे जाने से कुछ ही देर में विधायक गोपाल शर्मा की दोनों कलाइयां राखियों से भर गईं।
राखी बंधवाने के बाद गोपाल शर्मा ने बहनों की रक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। वहीं बुजुर्ग माताओं ने राखी बांधकर विधायक के सिर पर हाथ फेरते हुए ममतामयी आशीर्वाद दिया। गोपाल शर्मा ने सभी बहनों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
जेन-जी युवतियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां:
रक्षाबंधन समारोह में जेन-जी युवतियां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। युवतियों ने आधुनिक वाद्य यंत्रों पर पांरपरिक गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्सव में आधुनिक रंग भरा। पारंपरिक पर्व के बीच नई पीढ़ी की भागीदारी ने समारोह को खास बना दिया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहने परम पिता शिव बाबा का आशीर्वाद लेकर कार्यक्रम में शामिल हुई। बड़ी संख्या में बच्चे भी आयोजन में शरीक हुए।
सजी-धजी महिलाओं ने राखी के मांगलिक गीत गाकर माहौल को उत्सवी बनाया। मयूर नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। प्रस्तुतियों पर उपस्थित महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ तालियां बजाईं।
बहनों को प्रेम सबसे बड़ी ताकत-गोपाल शर्मा:
इस अवसर पर सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि बहनों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास की जिम्मेदारी स्वीकार करने का अवसर भी है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए वे हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पर्व हमारी संस्कृति को नई पीढ़ी से जोडऩे का माध्यम हैं। जेन-जी युवतियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का संदेश है कि आधुनिक पीढ़ी भी अपनी परंपराओं और संस्कारों से गहराई से जुड़ी हुई है।

हर क्षेत्र की महिलाओं की रही उपस्थिति:
रक्षाबंधन महोत्सव में निवर्तमान महापौर कुसुम यादव, सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष इंदु परमार, निवर्तमान पार्षद पूनम शर्मा, अंशु शर्मा, ज्योति चौहान, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता आंचल अवाना, अनुपमा मोदी, सृष्टि सेठी, जिला महामंत्री-पार्षद रेखा राठौड़, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अमृता शर्मा, बनीपार्क मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता शर्मा, अभिनेत्री शिखा स्वरूप, असिस्टेंट प्रोफेसर डेजी शर्मा, पार्षद प्रत्याशी मीना मीर्णा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रीति सक्सेना ने किया।

 

दो
रक्षाबंधन
जयपुर। बहन-भाई के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को विभिन्न मांगलिक योगों में मनाया जाएगा। गुरुवार को रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक रही। 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे पूर्णिमा तिथि शुरू होने के साथ भद्रा भी लग गई थी, जो रात 9:52 बजे समाप्त हुई। ऐसे में 28 अगस्त को सूर्योदय भद्रा रहित होने से रक्षाबंधन मनाना शास्त्र सम्मत रहेगा।
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा के अनुसार राखी बांधने का सबसे श्रेष्ठ समय सुबह 5:58 से 9:48 बजे तक रहेगा। इसके बाद दोपहर 12:03 से 12:53 बजे तक भी शुभ मुहूर्त रहेगा। 28 अगस्त को चंद्रमा कुंभ राशि और शतभिषा नक्षत्र में रहेगा। सुबह 7:28 बजे के बाद सुकर्मा योग का शुभ संयोग बनेगा। सुकर्मा योग को शुभ कार्य, सफलता और प्रगति से जुड़ा माना जाता है।
चौघडय़िा में भी बांध सकेंगे राखी:
लाभ चौघडिय़ा सुबह 7:57 से 9:31 बजे, अमृत 9:31 से 11:05 बजे, शुभ दोपहर 12:40 से 2:14 बजे, चर शाम 5:22 से 6:57 बजे और लाभ रात 9:48 से 11:14 बजे तक रहेगा। इनमें लाभ और अमृत चौघडिय़ा विशेष शुभ माने गए हैं। राहुकाल सुबह 11:05 से दोपहर 12:40 बजे तक रहेगा, इसलिए इस अवधि में राखी बांधने से बचने की सलाह दी गई है।

बाजारों में फैंसी राखियों की धूम: राखियों की खरीदारी के लिए बच्चों से लेकर युवतियों और महिलाओं तक में उत्साह रहा। इस बार 1 रुपए से 500 रुपए तक की राखियां पसंद की गई। कोलकाता की जरदोजी वर्क वाली राखियों के साथ ट्रेडिंग मौली-मोरपंख राखियों की भी खूब बिक्री हुई। बच्चों के लिए बुआओं ने म्यूजिकल और लाइटिंग राखियां खरीदीं। युवतियों और महिलाओं में एविल आई ब्रेसलेट का खास क्रेज देखने को मिला।
भारत में नहीं दिखेगा चंद्रग्रहण, सूतक भी नहीं: 28 अगस्त को आंशिक चंद्रग्रहण होगा। इसका अधिकतम चरण भारतीय समय के अनुसार करीब सुबह 9:43 बजे रहेगा, लेकिन उस समय चंद्रमा भारत में क्षितिज के नीचे होगा। इसलिए ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। ग्रहण दिखाई नहीं देने के कारण यहां इसका सूतक काल मान्य नहीं माना जाएगा। रक्षाबंधन के दिन पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों पर ग्रहण के कारण कोई विशेष रोक नहीं रहेगी।
राखी की थाली में रखें ये सामान: रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई, राखी और फूल रखें। भाई को आसन पर बैठाकर पहले तिलक करें, अक्षत लगाएं और दाहिनी कलाई पर रक्षासूत्र बांधें। भाई की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करें। इसके बाद मिठाई खिलाकर आरती उतारें। भाई सामथ्र्य के अनुसार बहन को उपहार देकर उसके सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लें। टूटी या खंडित राखी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और पूजा की सामग्री साफ और शुद्ध होनी चाहिए।

तीन
जैन समाज आज मनाएगा रक्षाबंधन, साधु-संतों की रक्षा का लेंगे संकल्प
जयपुर। जैन धर्मावलंबी शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व साधु-संतों, जिनवाणी और जैन धर्म की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाएंगे। 28 अगस्त को शहर के जैन मंदिरों और चातुर्मास स्थलों पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इसी दिन जैन धर्म के 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक भी मनाया जाएगा।
राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि श्रावण शुक्ल पूर्णिमा के दिन हस्तिनापुर में राजा बलि द्वारा 700 जैन साधु-संतों पर किए गए उपसर्ग को महामुनि विष्णु कुमार ने दूर कर उनकी रक्षा की थी। इसी प्रसंग की स्मृति में जैन समाज रक्षाबंधन को साधु-संतों की रक्षा के संकल्प दिवस के रूप में मनाता है।
रक्षाबंधन पर दिगम्बर जैन मंदिरों एवं संतों के चातुर्मास स्थलों पर महामुनि विष्णु कुमार की अष्टद्रव्य से पूजा-अर्चना होगी। जैन श्रावक आचार्यों, मुनिराजों और आर्यिका माताजी की पिच्छिका पर रक्षा सूत्र बांधकर साधु-संतों, जिनवाणी और जैन धर्म की रक्षा का संकल्प लेंगे।
इसी दिन भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। मंदिरों में प्रात: अभिषेक और शांतिधारा के बाद पूजा-अर्चना होगी। निर्वाणोत्सव में मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा।

 

चार
जनेऊधारी करेंगे श्रावणी उपाकर्म-हेमाद्रि संकल्प
जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से सावन माह की पूर्णिमा 28 अगस्त को शहर के आधा दर्जन से अधिक प्रज्ञा संस्थानों पर श्रावणी उपाकर्म और रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन गायत्री शक्तिपीठ, ब्रह्मपुरी में होगा। यहां श्रावणी उपाकर्म सुबह 7:30 बजे शुरू होगा।
गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने बताया कि श्रावणी पर्व के तहत दश स्नान के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गायत्री यज्ञ किया जाएगा। साधक आत्मशुद्धि के साथ धार्मिक अनुशासन, सद्विचार और आध्यात्मिक साधना को जीवन में अपनाने का संकल्प लेंगे। श्रावणी पर्व को ऋषि परंपरा, वेदाध्ययन और आत्मशुद्धि से जुड़ा माना जाता है। इस अवसर पर साधक ऋषियों और वैदिक परंपरा का स्मरण करते हुए जीवन में श्रेष्ठ संस्कार अपनाने का संकल्प लेंगे।
मुरलीपुरा में उपाकर्म के साथ रक्षाबंधन:
ऋषियों एवं वेदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा जीवन को अधिक संयमित, पवित्र और ज्ञानमय बनाने के संकल्प के साथ गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा की ओर से रामेश्वरधाम कॉलोनी स्थित गौड़ विप्र समाज भवन में श्रावणी उपाकर्म-रक्षाबंधन पर्व का आयोजन होगा। आयोजन गौड़ विप्र समाज भवन, जयपुर के सौजन्य से होगा।
कार्यक्रम के तहत सुबह 6 से 7 बजे तक हेमाद्रि संकल्प, सप्त ऋषि पूजन, वेद पूजन, दस विध स्नान, यज्ञोपवीत परिवर्तन और सामूहिक तर्पण किया जाएगा। दस विध स्नान में गौ दुग्ध, गौ घृत, गौमूत्र, गोबर, गौ दधि, मिट्टी, भस्म, कुशा, हल्दी और शहद का प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7 से 8 बजे तक गायत्री महायज्ञ, रक्षाबंधन एवं तरू रोपण का आयोजन होगा।
इन केन्द्रों पर भी होंगे आयोजन: किरण पथ, मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता भगवती वेदना निवारण केन्द्र, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ और गायत्री चेतना केन्द्र, जनता कॉलोनी में भी श्रावणी उपाकर्म आयोजित किया जाएगा। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों की ओर से गलताजी, आमेर के सागर, मावठा और जयसिंहपुरा खोर में श्रावणी उपाकर्म, हेमाद्रि संकल्प एवं यज्ञोपवीत परिवर्तन के कार्यक्रम होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!