जनसमस्याओं के हल की मांग को लेकर श्री तारा एनक्लेव कॉलोनी वासियों ने किया प्रदर्शन
नगर परिषद कार्यालय पर जमकर की नारेबाजी, जिला नगर आयुक्त को भिजवाया ग्यारह सूत्री मांग पत्र

समालखा। (लोकेश झा)
नगर परिषद द्वारा श्री तारा एनक्लेव कॉलोनी की लगातार उपेक्षा किए जाने से गुस्साए कॉलोनी वासियों ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय पर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद सचिव के माध्यम से जिला नगर आयुक्त डॉ. पंकज यादव को ग्यारह सूत्री मांग पत्र भिजवाया। वहीं, आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी की समस्याओं को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मोहित शर्मा तथा बिजली निगम के एसडीओ नरेश कुमार से भी मुलाकात की।
कॉलोनी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के संरक्षक पीपी कपूर ने कहा कि नगर परिषद कॉलोनी वासियों से कमर तोड़ प्रॉपर्टी टैक्स व विकास शुल्क ले रही है, लेकिन कॉलोनी में न तो किसी सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है और न ही गंदे पानी की निकासी के लिए सीवर पाइप लाइन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।आरडब्ल्यूए प्रधान सुभाष रमन, महासचिव जगबीर पंवार तथा कॉलोनी महिला प्रधान उर्मिला वशिष्ठ ने कहा कि कॉलोनी को अप्रूव हुए करीब तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन नगर परिषद ने आज तक इसकी सुध नहीं ली। कई बार परिषद अधिकारियों को जनसमस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस उपेक्षा और कथित धक्केशाही को कॉलोनीवासी बर्दाश्त नहीं करेंगे तथा जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
मुख्य मांगें:
कॉलोनी में सफाई कर्मचारी नियुक्त किए जाएं, सीवर पाइप लाइन बिछाई जाए, पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए, कच्ची गलियों को पक्का किया जाए, टूटी हुई पुलिया व नालियों की मरम्मत करवाई जाए, आवारा बंदरों व कुत्तों से निजात दिलाई जाए, स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, स्टील बेंच रखवाई जाएं, शेष बचे क्षेत्र को अप्रूव किया जाए तथा मच्छररोधी दवाई का नियमित स्प्रे करवाया जाए। प्रदर्शन में महिला प्रधान उर्मिला कौशिक, आशा कपूर, अनीता पंवार, नीलम गर्ग, मोनिका सिंह, कैशियर मनीष अंबावत, दया नंद छिक्कारा, संदीप चौहान, अजीत कुमार, प्रदीप कौशिक, मोनू राजावत, ईश्वर गर्ग, सुरेश फौजी, हरेंद्र त्यागी, सतीश छाबड़ा, सुमित शर्मा, हरीश शर्मा, बीर प्रकाश आर्य, अश्वनी त्यागी, जॉनी शर्मा, आकाशदीप, नवीन राजपूत, हरीश सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद रहे।




