वार्ड 14 में पार्षद की अनूठी पहल, समस्याओं के समाधान के लिए बनाया वाट्सएप ग्रुप
जनहित में सकारात्मक पहल, वार्डवासियों ने विकास की जताई उम्मीद
जयपुर। नगर निगम वार्ड 14 में पार्षद दिग्विजय सिंह परसरामपुरा (गुड्डू बना) ने वार्डवासियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की दिशा में जनहितकारी पहल करते हुए एक वाट्सएप ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप के माध्यम से वार्ड 14 के निवासी अपनी व्यक्तिगत एवं कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं को सीधे पार्षद तक पहुंचा सकेंगे। इस पहल से वार्डवासियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराने के लिए एक सरल और सुविधाजनक माध्यम मिला है। स्थानीय लोगों ने पार्षद की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सकारात्मक कदम बताया।

वार्डवासियों ने उम्मीद जताई कि इस माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं पर त्वरित ध्यान दिया जाएगा तथा सड़क, सफाई, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी। लोगों को आशा है कि इस पहल से वार्ड 14 में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सकेगा।




