Uncategorized

देवी श्रद्धा किशोरी की मधुर वाणी में श्रीमद् भागवत कथा सुनने भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु

 

जौनपुर। तेजीबाजार क्षेत्र के बरचौली में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के पावन आयोजन में इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता की अनुपम छटा देखने को मिल रही है। प्रसिद्ध कथावाचक निर्मल शरण महाराज के मुखारविंद से जहां श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर रहे हैं, वहीं उनकी सबसे छोटी पुत्री देवी श्रद्धा किशोरी जी ने पहली बार अपने क्षेत्र में कथा मंच पर विराजमान होकर श्रीराम कथा का संगीतमय वाचन किया। उनकी मधुर वाणी, सुंदर प्रस्तुति और भावपूर्ण शैली ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।देवी श्रद्धा किशोरी जी ने जिस सहजता, आत्मविश्वास और भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन प्रसंगों का वर्णन किया, उसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उनकी मधुर आवाज के साथ संगीतमय कथा प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा के दौरान श्रोता पूरी तन्मयता से रामकथा का श्रवण करते नजर आए।क्षेत्रवासियों के बीच इस आयोजन को एक अद्भुत और दुर्लभ संयोग के रूप में देखा जा रहा है कि प्रसिद्ध कथावाचक निर्मल शरण महाराज की पुत्री भी उन्हीं की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कथा मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। खास बात यह है कि अपने क्षेत्र में पहली बार मंच से श्रीराम कथा सुनाने के बावजूद उनकी प्रस्तुति में कहीं भी झिझक दिखाई नहीं दी, बल्कि उनकी वाणी और कथन शैली में परिपक्वता की झलक देखने को मिली।कथा सुनने पहुंचीं महिलाओं और श्रद्धालुओं ने देवी श्रद्धा किशोरी जी की जमकर सराहना की। उनका कहना था कि पहली ही कथा प्रस्तुति में इतनी सुंदर वाणी, मधुर गायन और प्रभावशाली ढंग से रामकथा सुनाना उनकी विशेष प्रतिभा को दर्शाता है। लोगों ने विश्वास जताया कि यदि इसी लगन, साधना और समर्पण के साथ वह आगे बढ़ती रहीं तो निश्चित रूप से कथा जगत में अपनी अलग पहचान बनाएंगी और अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
बरचौली में देवी श्रद्धा किशोरी जी की इस प्रस्तुति की चर्चा क्षेत्र में लोगों के बीच आकर्षण का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!