Uncategorized

नियम विरुद्ध निर्माण एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी, निगम का 14 होटल संचालकों को नोटिस

 

नानालाल आचार्य
इंडिया जागरण टुडे

उदयपुर। शहर के भीतरी इलाकों में बिना अनुमति अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण करने, लोहे के स्ट्रक्चर पर अवैध निर्माण करने तथा आवश्यक स्वीकृतियों के बिना होटल एवं रूफटॉप रेस्टोरेंट संचालित करने के मामलों को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में नगर निगम द्वारा कुल 14 होटल संचालकों को राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 194 एवं 182 के अंतर्गत नोटिस जारी किए हैं। सभी संबंधित संचालकों को तीन दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेज एवं अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। महापौर पारस सिंघवी ने कुछ समय पूर्व निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ शहर के भीतरी इलाकों का निरीक्षण किया था। इस दौरान क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने महापौर के समक्ष कई गंभीर शिकायतें दर्ज करवाई थीं। इनमें बिना स्वीकृति भवनों पर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण, लोहे के स्ट्रक्चर पर रूफटॉप निर्माण, बिना अनुमति ही होटल एवं रेस्टोरेंट का संचालन इसी के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुख रूप से सामने आई थीं। स्थानीय लोगों की शिकायतों एवं मौके की परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार नोटिस जारी कर सभी दस्तावेज मंगवाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में राजस्व शाखा द्वारा मौका निरीक्षण एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर 14 होटल संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
निगम राजस्व शाखा ने नोटिस कर संपत्ति मालिकों से अपने भवनों में पूर्व निर्मित भूतल एवं दो अथवा तीन मंजिलों के ऊपर लोहे के स्ट्रक्चर के माध्यम से एक या दो अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण करने, कुछ स्थानों पर इन अतिरिक्त निर्माणों में रूफटॉप रेस्टोरेंट एवं होटल गतिविधियों का संचालन करना भी पाया गया है। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों द्वारा निर्माण स्वीकृति, भू-उपयोग परिवर्तन की अनुमति तथा होटल एवं रेस्टोरेंट संचालन संबंधी आवश्यक अनुज्ञा प्रस्तुत नहीं की गई। इन सभी मामलों में संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तीन दिवस का समय दिया गया है।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया कि शहर का भीतरी इलाका अपनी ऐतिहासिक विरासत, संकरी गलियों और सघन आबादी के लिए जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक भी आते हैं। ऐसे में भवनों का निर्माण पूरी तरह नियमानुसार होना और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। संकरी गलियों में किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति, आगजनी अथवा अन्य दुर्घटना होने पर राहत एवं बचाव कार्य करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसलिए भवनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।महापौर सिंघवी ने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि शहर में होने वाले निर्माण कार्यों की नियमानुसार निगरानी की जाए तथा आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो। कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति निर्माण नहीं करे और प्रत्येक निर्माण निर्धारित नियमों एवं स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जाए। विशेष रूप से होटल एवं रूफटॉप रेस्टोरेंट संचालकों को सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी पूरा ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि उदयपुर विश्वभर में अपनी खूबसूरती, ऐतिहासिक धरोहर और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण कोई हादसा घटित होता है तो इससे न केवल जनहानि की आशंका रहेगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर की छवि भी प्रभावित होगी। नगर निगम इस तरह की परिस्थितियों को लेकर पूरी तरह सजग है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!