आत्मनिर्भर महिला मंच के 25 दिवसीय निशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन
500 बालिकाओं एवं महिलाओं ने लिया विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान

जयपुर। आत्मनिर्भर महिला मंच द्वारा आयोजित 25 दिवसीय निशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य एवं रंगारंग समापन समारोह 15 जून, सोमवार को साइंस पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य अग्रसेन कल्याण बोर्ड के प्रथम अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी बसंत जैन, भाजपा नेता विष्णु जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

संस्था के संरक्षक मंगल अग्रवाल तथा संस्थापिका एवं अध्यक्ष माधवी अग्रवाल ने बताया कि शिविर के दौरान लगभग 500 बालिकाओं एवं महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनकी प्रतिभाओं को निखारना रहा।
शिविर में मेहंदी एवं ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण कविता त्यागी, डांस का प्रशिक्षण धर्मेश्वर सर, सिलाई का प्रशिक्षण उर्मिला पारीक, इंग्लिश स्पीकिंग का प्रशिक्षण नंदिनी जैन, सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण मुस्कान सैनी, ड्राइंग का प्रशिक्षण प्रियांशी शर्मा तथा योग का प्रशिक्षण मंजू योगी, राधा महेश्वरी और रिंकू नामा द्वारा दिया गया। इसके अतिरिक्त रिमिषा लालवानी, दीपा धनोपिया, कनिष्का अग्रवाल एवं अन्य प्रशिक्षकों ने भी अपने अनुभव और मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को लाभान्वित किया। सभी प्रशिक्षकों ने समाजसेवा की भावना से निशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर में भाग लेने वाली सभी बालिकाओं एवं महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रही प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में माधवी अग्रवाल ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर महिला मंच भविष्य में भी महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता रहेगा। भाजपा प्रवक्ता अदिति शर्मा ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दी




