भारत-पाक महिला टी-20 विश्व कप मुकाबले का जयपुर में लाइव प्रसारण, भारतीय महिला टीम की जीत पर मनाया जश्न
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के नेतृत्व में महिलाओं ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

जयपुर। जब भारत की बेटियां मैदान मे हो तो पूरा देश उनके समर्थन में खड़ा दिखाई देता है। इसी भावना को साकार करते हुए जयपुर में भाजपा महिला मोर्चा राजस्थान की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के नेतृत्व में भारत-पाकिस्तान महिला टी-20 विश्व कप मैच के लाइव प्रसारण का विशेष आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हौसला बढ़ाया। मैच के दौरान दर्शकों में रोमांच और देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। भारतीय महिला टीम की शानदार जीत के बाद उपस्थित सभी लोगों ने तालियों, नारों और मिठाइयों के साथ जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बागड़ी, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा सहित महिला मोर्चा की जिला एवं प्रदेश स्तर की अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता अदिति शर्मा भी अपनी सहयोगी बहनों अनीता, प्रियंका एवं निधि के साथ पूर्ण उत्साह और ऊर्जा के साथ शामिल हुईं। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश की बेटियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देती हैं। इस तरह के आयोजन न केवल खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव की भावना को भी मजबूत करते हैं। भारतीय महिला टीम की जीत ने पूरे आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया और उपस्थित सभी लोगों ने टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।




