निकाय चुनाव में लॉटरी से निर्धारित वर्ग को ही मिले टिकट, विश्व सनातन संघ ने की मांग

जयपुर। राजस्थान में आगामी निकाय चुनावों को लेकर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के बीच विश्व सनातन संघ ने भाजपा, कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों के प्रदेश नेतृत्व से मांग की है कि लॉटरी के माध्यम से जिस वर्ग के लिए सीट निर्धारित की गई है, उसी वर्ग के योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारा जाए।विश्व सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रभान शर्मा ने कहा कि निकाय चुनाव में सीटों का निर्धारण लॉटरी के माध्यम से किया गया है। ऐसे में जिस वार्ड या क्षेत्र की सीट जिस वर्ग के लिए निर्धारित हुई है, उस वर्ग को ही टिकट में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। निर्धारित सीट पर किसी अन्य वर्ग के व्यक्ति को टिकट देकर आरक्षण व्यवस्था के उद्देश्य को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य, कर्मठ और जनसेवा में सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाए। इसी प्रकार अन्य वर्गों के लिए निर्धारित सीटों पर भी संबंधित वर्ग के योग्य प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। शर्मा ने कहा कि राजनीतिक दलों को प्रत्याशी चयन में स्थानीय कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसेवा, संगठन के प्रति निष्ठा और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता को प्रमुख आधार बनाना चाहिए। इससे योग्य कार्यकर्ताओं को अवसर मिलेगा और चुनाव प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी एवं सम्मानजनक तरीके से संपन्न होगी।उन्होंने सभी वर्गों के संभावित प्रत्याशियों से भी अपील की कि लॉटरी द्वारा निर्धारित सीटों की व्यवस्था का सहसम्मान पालन करते हुए लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को सामाजिक संतुलन और निर्धारित आरक्षण व्यवस्था का सम्मान करते हुए टिकट वितरण सुनिश्चित करना चाहिए।




