देहरादून में भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
उत्तरांचल प्रेस क्लब में गूंजे कविता के स्वर, साहित्यकार हुए सम्मानित

देहरादून। शनिवार, 6 जून 2026 को देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब के सभागार में निहारिका साहित्य मंच एवं कंट्री ऑफ इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में उत्तराखण्ड इकाई द्वारा भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल अजीज सिद्दकी तथा निहारिका साहित्य मंच की संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा विशेष रूप से लखनऊ से पधारे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में देहरादून नगर अल्पसंख्यक मोर्चा (भाजपा) की अध्यक्ष यासमिन आलम खान उपस्थित रहीं।मुख्य अतिथि अब्दुल अजीज सिद्दकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहित्य समाज को सद्मार्ग की ओर ले जाने वाला सशक्त माध्यम है। साहित्य समाज का दर्पण होता है और समाज में घटित होने वाली घटनाएं ही शब्द बनकर कविता के रूप में अभिव्यक्त होती हैं। निहारिका साहित्य मंच की संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। यहां अनेक उत्कृष्ट रचनाकार साहित्य साधना में निरंतर योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. भगत सिंह राणा ‘हिमाद’ ने उत्तराखण्ड इकाई के प्रभारी नरेश चन्द्र उनियाल, संयोजिका रश्मि मृदुलिका पोखरियाल तथा संयोजिका संतोष मिश्रा ‘सोनी’ को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, जिससे साहित्यिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलती है। विशिष्ट अतिथि सुशीला राजपूत एवं विनीता मैठाणी ने अपने संबोधन में कहा कि देहरादून में इस प्रकार के कवि सम्मेलनों का आयोजन स्थानीय साहित्यकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। कवि सम्मेलन में अंजना कंडवाल ‘नैना’, आशा पंवार, डॉ. भगत सिंह राणा ‘हिमाद’, बिमला रावत, डॉ. वंदना खंडूरी, लक्ष्मी चौहान ‘रोशनी’, नैना कंसवाल, नन्दन राणा ‘नवल’, राधा मैंदोली ‘माधवी’, रक्षा बौडाई, रेखा चतुर्वेदी, सुलोचना परमार, सुनीता ममगाई, सविता जैन, सुशीला राजपूत, विवेक जखमोला ‘शैलेश’, रश्मि मृदुलिका पोखरियाल, संतोष मिश्रा ‘सोनी’, डॉ. रीमा सिन्हा, विनीता मैठाणी, ममता जोशी ‘स्नेहा’, दीपक कैत्युरा तथा नरेश चन्द्र उनियाल ने अपनी रचनाओं का प्रभावशाली काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक नरेश चन्द्र उनियाल ने सभी अतिथियों, कवियों एवं साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।




