जलभराव और जर्जर सड़क से परेशान उद्योग नगर के लोग, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
जयपुर। झोटवाड़ा क्षेत्र के उद्योग नगर स्थित जागृति मार्ग पर जलभराव और टूटी-फूटी सड़कें स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन गई हैं। क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी लंबे समय से जमा है, जिससे सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है इससे अच्छी तो गाँव की गलियां होती हैं जबकि जागृति मार्ग पर तीन विद्यालय होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों का आवागमन रहता है। सड़क पर भरे पानी और गड्ढों के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अभिभावकों में भी इस स्थिति को लेकर चिंता व्याप्त है। कई स्थानों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) एवं नगर निगम के अधिकारियों को शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान के प्रति संबंधित विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। निवासियों ने बताया कि केवल जागृति मार्ग ही नहीं, बल्कि श्रीरामपुरी कॉलोनी में भी सड़कें और जल निकासी व्यवस्था बदहाल है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों ने राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक तथा संबंधित विभागों से शीघ्र हस्तक्षेप कर जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, सड़क का पुनर्निर्माण कराने और आमजन को राहत प्रदान करने की मांग की है।




