शूलटांकेश्वर मंदिर में चला स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान, स्वच्छता का दिया संदेश
सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान ने मंदिर परिसर व गंगा तट की सफाई कर नागरिकों से निभाने की अपील की जिम्मेदारी
प्रयागराज, 28 जून। सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान, अरैल नैनी, प्रयागराज के तत्वावधान में रविवार को अरैल स्थित शूलटांकेश्वर मंदिर परिसर में स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी एवं सरकारी अध्यापक नीरज पांडेय ने किया।
इस अवसर पर नीरज पांडेय ने कहा, “हवा साफ होगी पेड़ लगाने से, और देश साफ होगा सफाई के लिए हाथ बढ़ाने से।” उन्होंने कहा कि मंदिरों और गंगा तटों की स्वच्छता केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। सभी को अपने आस्था स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देना चाहिए।
संस्थान के पदाधिकारी सुनील मिश्रा ने कहा कि मंदिर वह पवित्र स्थान है, जहां व्यक्ति मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने आता है। ऐसे पवित्र स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु, पुजारी और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कुंवर जी तिवारी, मनीष पांडेय, सुनील मिश्रा, धीरज यादव, सुनील कुशवाहा, ऋषि दीक्षित, विकास मिश्रा, एडवोकेट आत्म प्रकाश यादव, शशिकांत पांडेय, डॉ. सुनीता विश्वकर्मा, संदीप केसरवानी, इंदु प्रकाश सिंह, धीरज राजवानी, दीपक दीक्षित, निर्मल कुशवाहा एवं तुलसी तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




