एन. के. पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस एकल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

जयपुर से प्रियंका माली की रिपोर्ट
जयपुर।आर्य नगर, मुरलीपुरा स्थित एन. के. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस एकल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न नृत्य शैलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने सेमी क्लासिकल एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 10 के विद्यार्थियों ने लोक एवं शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं कक्षा 11 के प्रतिभागियों ने फ्री स्टाइल एवं बॉलीवुड नृत्य से समां बांधा। कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने ‘बेटी बचाओ’ और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन अभिव्यक्ति, भाव-भंगिमा, लय-ताल, कोरियोग्राफी, वेशभूषा, मंच प्रस्तुति एवं आत्मविश्वास के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में कक्षा 9 में राशि (यजुर्वेद हाउस) कक्षा 10 में रिवी गुप्ता (अथर्ववेद हाउस) कक्षा 11 में अभिता (अथर्ववेद हाउस) तथा कक्षा 12 में निखिल (ऋग्वेद हाउस) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी वर्गों के सम्मिलित अंकों के आधार पर अथर्ववेद हाउस ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एन. सी. लूनायच ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक कुलदीप सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ कला, संस्कृति एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को समान महत्व देना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा राजे बसेरा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके आत्मविश्वास और समर्पण की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सलाहकार वी. एन. त्रिवेदी, समन्वयक डॉ. नाहिद खान, माला शर्मा सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।




