नीट यूजी 2026 का परिणाम: क्या बदलती तस्वीर कुछ संकेत देती है – अभय जैन जयपुर

इस वर्ष नीट यूजी का परिणाम देखने के बाद एक बात स्पष्ट रूप से महसूस होती है कि इस बार चयन सूची में छोटे शहरों और नए अभ्यर्थियों की भागीदारी पहले की तुलना में अधिक दिखाई दी है। पिछले वर्षों में अक्सर बड़े कोचिंग संस्थानों के विज्ञापनों में टॉप 10 में इतने विद्यार्थी हमारे टॉप 100 में अधिकांश हमारे जैसे दावे प्रमुखता से देखने को मिलते थे, लेकिन इस बार ऐसी तस्वीर अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। यह बदलाव कई सवाल खड़े करता है। क्या परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है क्या प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इस बार अधिक निष्पक्ष अवसर मिला इन प्रश्नों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।सरकार ने पिछले वर्ष सामने आए विवादों के बाद परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के प्रयास किए हैं। यदि वास्तव में इससे निष्पक्षता बढ़ी है, तो यह स्वागतयोग्य कदम है। साथ ही, शिक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाना भी उतना ही आवश्यक है। जब किसी व्यवस्था में अनुचित तरीके से धन का प्रभाव बढ़ता है, तो उसका दुष्परिणाम समाज को लंबे समय तक भुगतना पड़ता है। इस वर्ष शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले अधिकांश विद्यार्थी फ्रेशर्स हैं। यह संकेत देता है कि नियमित अध्ययन, मेहनत और सही तैयारी के बल पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। इससे उन लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों का विश्वास मजबूत होता है जो ईमानदार प्रयासों पर भरोसा रखते हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और पारदर्शिता लगातार बनी रहे, ताकि किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी को यह महसूस न हो कि उसकी मेहनत किसी व्यवस्था या प्रभाव के कारण पीछे रह गई।आखिरकार, प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल चयन नहीं, बल्कि वास्तविक प्रतिभा को अवसर देना होना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो इस अंधी दौड़ में असली प्रतिभा कहीं खोती चली जाएगी।




