एम्स ऋषिकेश एवं बीएमजे ग्रुप के प्रतिष्ठित गैस्ट्रोएंटरोलॉजी पाठ्यक्रम में फिजियो मनीष कपूर का चयन
देश भर के 2 हजार से अधिक चिकित्सकों के बीच एकमात्र फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में हासिल की विशिष्ट सफलता

श्रीगंगानगर, 25 अगस्त 2026: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश तथा ब्रिटिश मेडिकल जर्नल (बीएमजे) ग्रुप द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित तीन महीने के प्रतिष्ठित ‘गैस्ट्रोएंटरोलॉजी प्रैक्टिसेज सर्टिफिकेशन कोर्स’ के लिए श्रीगंगानगर के प्रतिष्ठित फिजियो मनीष कपूर का चयन हुआ है। देश भर के 2 हजार से अधिक उच्च योग्यता प्राप्त एवं अनुभवी चिकित्सा पेशेवरों के बीच आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कड़ी पात्रता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फिजियो मनीष कपूर ने यह विशिष्ट सफलता हासिल की है। इस संपूर्ण चयन समूह में वह देश के एकमात्र फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में चयनित हुए हैं, जिसे उनकी असाधारण विशेषज्ञता, नैदानिक कौशल तथा पुनर्वास चिकित्सा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि प्राथमिक देखभाल चिकित्सकों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया यह उच्च-स्तरीय पाठ्यक्रम सिद्धांत तथा व्यावहारिक नैदानिक कौशल के बीच की दूरी को समाप्त करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों को एम्स ऋषिकेश में दो दिवसीय गहन व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) क्लिनिकल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जहाँ उन्हें वास्तविक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी प्रक्रियाओं एवं एंडोस्कोपी का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। इसके साथ ही, हेपेटोबिलरी विकारों के सटीक निदान के लिए पेट के यूएसजी, सीटी स्कैन तथा एमआरआई जैसी उन्नत इमेजिंग रिपोर्ट को पढ़ने व समझने का गहन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मरीजों की प्रभावी उपचार योजना तैयार करने हेतु फाइब्रोस्कैन परिणामों के सटीक मूल्यांकन तथा व्यावहारिक उपयोग का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। यह पाठ्यक्रम वास्तविक केस स्टडीज, विशेषज्ञ-नेतृत्व वाले सत्रों, सहकर्मियों के साथ नेटवर्किंग तथा एक संरचित अंतिम मूल्यांकन (एग्जिट असेसमेंट) पर आधारित है, जिससे चिकित्सकों में ओपीडी स्तर पर सामान्य एवं जटिल पाचन संबंधी विकारों के प्रबंधन का आत्मविश्वास सुदृढ़ हो सके। लगभग 1.5 से 2 लाख रुपये में होने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को चयनित मेरिट धारकों के लिए बीएमजे ग्रुप एवं एम्स ऋषिकेश द्वारा प्रायोजित करते हुए नाममात्र के शुल्क पर उपलब्ध करवाया जाएगा। उनके चयन पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि फिजियो मनीष कपूर की यह उपलब्धि इंटरडिसिप्लिनरी क्लिनिकल एक्सीलेंस को बढ़ावा देने तथा समग्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।




