हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता एवं समयबद्ध कार्य के निर्देश

जयपुर। हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने शुक्रवार को हवामहल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने वार्ड संख्या 24 में दीनानाथ जी की गली राजकीय विद्यालय के पीछे लगभग ₹35 लाख की लागत से निर्मित हो रही सीसी सड़क के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री एवं तकनीकी मानकों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया। स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करना है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि हवामहल विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए सड़क, पेयजल, सीवरेज, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य निरंतर प्राथमिकता के साथ कराए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।




