कल्याण धणी की 61वीं लक्खी पदयात्रा की रवानगी आज, देर रात पहुंचे पदयात्री

जयपुर। डिग्गीपुरी के राजा के नाम से प्रसिद्ध कल्याण धणी की 61वीं लक्खी पदयात्रा 18 अगस्त को सुबह 9 बजे चौड़ा रास्ता स्थित श्री ताडक़ेश्वर मंदिर से रवाना होगी। पैदल यात्रा संघ के अध्यक्ष एवं संचालक श्रीजी शर्मा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज, गलता तीर्थ के अवधेशाचार्य महाराज, महामंडलेश्वर विष्णु शरण महाराज, त्रिवेणीधाम के रामरिछपाल देवाचार्य महाराज, रामप्रताप सिंह, सहित कई गणमान्य लोग ध्वज दिखाकर पदयात्रा को रवाना करेंगे। मुख्य केसरिया निशान की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु डिग्गीपुरी के लिए रवाना होंगे। पदयात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार रात से ही आसपास के गांवों के श्रद्धालु जयपुर पहुंच गए। पदयात्रियों ने चारदीवारी के बरामदों, गोविंद देवजी मंदिर सहित अन्य स्थानों पर डेरा डाल दिया। ज्यादातर पदयात्री मंगलवार तडक़े से समूह में आएंगे। उधर, प्रशासन ने सोमवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। पदयात्रियों के लिए चौड़ा रास्ता से टोंक रोड सांगानेर तक अनेक स्थानों पर भंडारे लगाए जाएंगे। सोमवार शाम से ही भंडारों पर भट्टियां शुरू हो गई। पदयात्रा में भगवान भोलेनाथ सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप भी रहेंगे।
यहां होगा रात्रि पड़ाव:
पदयात्री 18 अगस्त को मदरामपुरा, 19 को हरसूलिया, 20 को फागी और 21 अगस्त को चौसला में रात्रि विश्राम करेंगे। 22 अगस्त को पदयात्रा डिग्गीपुरी पहुंचेगी। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन रात भजन, रासलीला और सत्संग के कार्यक्रम होंगे। शाम 5 बजे डिग्गी में शोभायात्रा निकाली जाएगी। डिग्गी पहुंचने पर भगवान कल्याणजी महाराज के निज मंदिर में गंगोत्री से लाए गए गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा।




