महारुद्र महायज्ञ में राज्यपाल ने दी आहुति, प्रदेश की सुख-शांति की कामना

जयपुर। राजस्थान गौ सेवा संघ की ओर से दुर्गापुरा स्थित गौशाला परिसर में आयोजित पंचम महारुद्र महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग अभिषेक समारोह श्रद्धा और धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भाग लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया तथा महारुद्र महायज्ञ में आहुति देकर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वजन मंगल की कामना की। दो दिवसीय महायज्ञ का आयोजन शिवशक्ति साधना के उद्देश्य से किया गया। महायज्ञ जगद्गुरु दिवाकराचार्य अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से गौशाला परिसर भक्तिमय बना रहा। यज्ञ के लिए 27 कुंडीय यज्ञशाला तैयार की गई थी, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कीं।
राज्यपाल ने कार्यक्रम के दौरान गौशाला का भी अवलोकन किया और गौसेवा की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने गायों को गुड़, लड्डू और चारा खिलाकर गौसेवा की। उन्होंने गौ संरक्षण और गौसेवा को भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा और संस्कार की भावना मजबूत होने की बात कही।
आयोजक गोपाल शरण महाराज ने बताया कि महायज्ञ एवं पार्थिव शिवलिंग अभिषेक के माध्यम से लोककल्याण, पर्यावरण संरक्षण और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार का संकल्प लिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गौसेवकों ने भाग लिया। समापन अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की गई।




