सीमावत्या में देशभक्ति और श्रावणी तीज के रंग में रंगा 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह
तिरंगे की शान के साथ सजी श्रावणी तीज की महफिल, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
रमन पारीक। इंडिया जागरण टुडे
कोटपुतली- बहरोड़ जिले पावटा तहसील में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सीमावत्या में 15 अगस्त 2026 को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस एवं श्रावणी तीज उत्सव हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस की गरिमा और श्रावणी तीज की लोक संस्कृति का अनूठा संगम विद्यालय परिसर में देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों के साथ-साथ तीज की पारंपरिक उमंग से भी सराबोर नजर आया। समारोह में ग्रामवासियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा झंडारोहण किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए भामाशाहों एवं समाजसेवियों ने उल्लेखनीय सहयोग किया। सीमावत्या के निवासी एवं हाल निवासी हिसार रमेश सिंह शेखावत ने विद्यालय को वाटर कूलर भेंट किया।इसी क्रम में गिर्राज सैनी ने कम्प्यूटर सिस्टम एवं एक छत पंखा, जबकि लालाराम सैनी एवं सुभाष सैनी ने कम्प्यूटर सिस्टम विद्यालय को प्रदान किया। समाजसेवी विनोद सिंह एवं दाताराम भोपाजी ने विद्यार्थियों के लिए 5-5 कुर्सियां भेंट कीं।विद्यालय परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्वतंत्रता दिवस के साथ विद्यालय में श्रावणी तीज का कार्यक्रम भी उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं में तीज को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। पारंपरिक तीज की उमंग और लोक संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।तीज के अवसर पर प्रसाद स्वरूप घेवर का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को श्रावणी तीज की शुभकामनाएं दीं। स्वतंत्रता दिवस की देशभक्ति और तीज की पारंपरिक मिठास ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और शानदार प्रस्तुति से सभी का मन जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयघोष से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विक्रम सिंह शेखावत ने की तथा मंच संचालन कृष्ण कुमार यादव ने किया। अंत में संस्था प्रधान किशोर कुमार वर्मा ने धन्यवाद भाषण प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, ग्रामवासियों, भामाशाहों, समाजसेवियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सरपंच के प्रतिनिधि, पूर्व सरपंच रामकरण गुर्जर, समय सिंह, रामसिंह, छाजू सिंह, लालाराम सैनी, गिरधारी सैनी, विक्रम शर्मा, समाजसेवी विनोद सिंह, राजेश सिंह, अशोक सिंह, अजित सिंह, सुशीला कँवर, कृष्णा कुमारी, कैलाश सिंह, गिर्राज सैनी, रामावतार शर्मा, दाताराम भोपाजी, रघुवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, देशराज सिंह, प्रदीप वर्मा, उर्मिला मीना, सदा कँवर, बिना कँवर, पवन वर्मा, मुकेश सैनी एवं संदीप पारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में विद्यालय परिवार ने कहा कि भामाशाहों एवं समाजसेवियों का सहयोग विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वतंत्रता दिवस पर मिले संसाधन जहां विद्यालय की सुविधाओं को मजबूत करेंगे, वहीं श्रावणी तीज जैसे सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों को भारतीय लोक परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सहयोग के इस अनूठे संगम ने सीमावत्या के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।




