राठौड़ ने 136वीं बार रक्तदान कर बचाई मरीज की जान

जोधपुर। मानव सेवा और रक्तदान के प्रति समर्पण की मिसाल पेश करते हुए वंदे भारत सेवा संस्थान के सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़ ने 136वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने मथुरादास माथुर अस्पताल, जोधपुर में भर्ती एक मरीज के लिए आपात स्थिति में एसडीपी (Single Donor Platelets) की आवश्यकता होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया।वंदे भारत सेवा संस्थान के प्रवक्ता किशन पूनिया ने बताया कि मरीज के लिए एसडीपी की जरूरत की सूचना मिलते ही नरेंद्र सिंह राठौड़ ने बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर मरीज के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने ब्लड बैंक में अपना सैंपल दिया। आवश्यक जांच में फिट पाए जाने के बाद उन्होंने एसडीपी रक्तदान कर मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राठौड़ का यह 136वां रक्तदान है। उनका निरंतर रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सहायता के साथ-साथ समाज में निस्वार्थ सेवा और मानवता का प्रेरणादायी संदेश भी देता है।इस अवसर पर रक्तदान का संदेश देते हुए कहा गया कि “रक्तदान महादान है, आपका एक प्रयास किसी की जिंदगी बचा सकता है।”




