संस्कृत गौरव सम्मान कार्यक्रम के पोस्टर का हुआ विमोचन

चौमूं। विराज फाउंडेशन के तत्वावधान में वेद-वेदांग प्रकोष्ठ द्वारा 14 जून 2026, रविवार को होटल ओसियन ब्लू में आयोजित होने वाले “संस्कृत गौरव सम्मान” कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन परम पूज्य संत श्री श्री 1008 नरसिंहपुरी जी महाराज एवं भगवानपुरी जी महाराज के करकमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विराज फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष भुवनेश तिवारी ने कहा कि संस्कृत, वेद एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण में योगदान देने वाले विद्वानों का सम्मान करना संस्था का सौभाग्य है। ऐसे सम्मान समारोह विद्वानों के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ युवा पीढ़ी को संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।
वहीं वेद-वेदांग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि “संस्कृत गौरव सम्मान” के माध्यम से संस्कृत शिक्षा और संस्कृति के लिए समर्पित विद्वानों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बनवारीलाल शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, नरेंद्र सिंह सोलंकी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर कार्य करने पर भी जोर दिया गया।




