मुखर्जी चौक से पथ विक्रेताओं की बेदखली अमानवीय और गैर कानूनी

सुरेश लखन। इंडिया जागरण टुडे उदयपुर। नगर निगम, उदयपुर द्वारा मुखर्जी चौक पर वाहन पार्किंग के लिए वहाँ व्यवसायरत ठेला फुटपाथ व्यवसायीयों को बेदखल किए जाने के विरोध में ठेला व्यवसाई मजदूर यूनियन और अंजुमन तालीमुल इस्लाम की ओर से संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर, उदयपुर को ज्ञापन देकर बेदखल किए गए ठेला फुटपाथ व्यवसायीयो को पूर्व की भाँति वहीं पर व्यवसाय करने देने की स्वीकृति देने की मांग की । यह जानकारी देते हुए ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद निजाम ने बताया कि नगर निगम की यह कार्रवाई अमानवीय होने के साथ गैर कानूनी भी है! उन्होंने कहा कि जिन पर कानून लागू करने की सबसे ज्यादा जिम्मेदारी है, वही सबसे ज्यादा कानून की अवहेलना कर रहे हैं और गरीब की कोई सुनवाई नहीं है। अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सदर मुख्तार कुरेशी ने कहा कि जनता के सेवक जनता के मालिक बन बैठे हैं ! उन्होंने कहा कि 7 दिन से बेदखल की गई महिलाएं खून के आंसू रो रही है लेकिन नगर निगम आयुक्त संवेदनहीन रवैया अपना हुए हैं ।
ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संरक्षक और पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि उदयपुर में कानून का नहीं, जंगल राज चल रहा है जिस अधिकारी को जो सनक चढ़ती है, वह वही करता है और उसके खिलाफ कोई सुनवाई नहीं है ! उन्होंने कहा कि यह विकास का नहीं विनाश का दौर है, जिसमें किसी रोजगार पर लगे व्यक्ति को बेरोजगार कर दिया जाता है।
नेशनल हॉकर फेडरेशन के राज्य संयोजक याकूब मोहम्मद ने कहा कि पथ विक्रेता अधिनियम, 2014 के अनुसार 50 वर्ष से अधिक के मार्केट को हेरिटेज मार्केट के रूप में विकसित करने का प्रावधान है लेकिन नगर निगम, उदयपुर ने द्वेषपूर्ण पूर्ण अवैध कार्यवाही की है! इस अवसर पर टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र कुमावत ,बंसीलाल चौहान ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संरक्षक गुमान सिंह राव, उपाध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, सचिव विनोद दया, रानू सालवी, अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सचिव मुस्तफा शेख, लीगल कोऑर्डिनेटर मोहम्मद शहजाद, पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश आदि उपस्थित थे।




